मध्य प्रदेश के इंदौर के बंगाली चौराहे के पास स्थित बृजेश्वरी कॉलोनी में बुधवार तड़के करीब 4 बजे भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस हादसे में एक ही परिवार के 7 लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
पुलिस के मुताबिक, पुगलिया परिवार के घर के बाहर खड़ी इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पर लगी हुई थी। इसी दौरान चार्जिंग पॉइंट में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे कार में आग लग गई। आग तेजी से फैलती हुई घर के अंदर पहुंच गई और वहां रखे एलपीजी सिलेंडरों को अपनी चपेट में ले लिया।
कुछ ही देर में सिलेंडरों में एक के बाद एक जोरदार धमाके हुए, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मकान का एक हिस्सा भी ढह गया और अंदर सो रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया।
बताया जा रहा है कि घर में पॉलीमर से जुड़े ज्वलनशील केमिकल भी रखे थे, जिससे आग और तेजी से भड़क गई। इसके अलावा, घर में लगे इलेक्ट्रॉनिक लॉक बिजली बंद होने के कारण नहीं खुल पाए, जिससे लोग अंदर ही फंस गए।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और बचाव दल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।सरकार ने इस घटना पर दुख जताते हुए जांच के लिए विशेषज्ञ समिति बनाने की बात कही है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।