ख़बरिस्तान नेटवर्क : मानसा के सरदूलगढ़ से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने सभी को शर्मसार कर दिया है। क्योंकि एक बहू ने अपनी सास को बेरहमी से पीटा है। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। जिसमें बहू अपनी सास को पीटते हुए दिखाई दे रही है। इस घटना के बाद सास को अस्पताल भर्ती करवाया गया है। वहीं पुलिस भी मामले की जांच कर रही है।
सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई पूरी घटना
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि बहू सास के कमरे में जाती है और उसे बालों से खींच कर बाहर लाती है। इसके बाद वह अपनी सास को पटक देती है। जिसके बाद उसकी सास जोर-जोर से चिल्लाने लगती है। इसके बाद बहू फिर अपनी सास को थप्पड़ भी मारती है। घर में शोर सुनकर आस-पास के लोग आ जाते हैं।
अक्सर हमारे साथ झगड़ती है बहू- ससुर
पीड़ित महिला के पति ओम प्रकाश ने बताया कि उनकी बहू स्माइल उनके साथ अक्सर झगड़ा करती है। वह बेटे के साथ अकेला रहना चाहती है और बार-बार इसकी जिद भी करती है। इसे लेकर दोनों परिवारों के बीच कई बार बातचीत भी हुई। पर कोई नतीजा नहीं निकला।
पंचायत में समझौते के लिए बुलाया
ओम प्रकाश ने आगे बताया कि इस मामले को लेकर बहू के परिवार ने पंचायत में समझौते के लिए बुलाया था। पर इसी दौरान बहू ने घर में अकेली मेरी पत्नी को बुरी तरह से पीटा और उसके सिर पर काफी चोटें भी आई हैं। जिसका अस्पताल में ईलाज चल रहा है।
3 साल पहले हुई थी लव मैरिज
वहीं महिला के बेटे दीपक ने बताया कि उसने 3 साल पहले स्माइल से लव मैरिज की थी। मैरिज के बाद वह कनाडा चला गया था और पत्नी यहीं पर ही थी। मैंने 2-3 बार उसकी कनाडा की फाइल भी लगाई थी, पर वीजा नहीं लग पाया। जिस कारण वह मेरे माता-पिता के पास ही रहती थी और अक्सर लड़ाई-झगड़ा करती थी।
बहू पर गहने चोरी करने के भी लगाए आरोप
वहीं सास ने अपनी बहू पर गहने चुराने का आरोप लगाया है। जबकि बहू स्माइल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है। उसने कहा कि उसने सास को नहीं पीटा, बल्कि जब सास उसे पीटने लगी तो उसने केवल अपना बचाव किया। स्माइल ने सोना और नकदी चोरी करने के आरोप को भी गलत बताया है।