ओडिशा के कटक स्थित श्रीराम चंद्र भांजा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में रविवार देर रात भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में 10 मरीजों की मौत हो गई, जबकि कई लोग झुलस गए। मृतकों में 7 मरीजों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 3 मरीजों की मौत इलाज के दौरान हुई।
जानकारी के मुताबिक आग रात करीब 3 बजे अस्पताल की पहली मंजिल पर स्थित ट्रॉमा केयर यूनिट के ICU में लगी। उस समय ICU में करीब 23 मरीज भर्ती थे। आग लगते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अस्पताल स्टाफ ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
मरीजों को बचाने के दौरान अस्पताल के कम से कम 11 कर्मचारी भी झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी सुबह अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले मरीजों के परिवारों को 25-25 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है। साथ ही पूरे मामले की हाई लेवल जांच के आदेश भी दिए हैं।
श्रीराम चंद्र भांजा मेडिकल कॉलेज (SCB) कटक का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है। यहां ओडिशा के अलग-अलग जिलों के अलावा पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इस हादसे के बाद पूरे अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की जा रही है।