जालंधर में चोरी और स्नैचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला Dr. B. R. Ambedkar Chowk के पास से सामने आया है, जहां लोगों ने एक मोबाइल स्नैचर को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी।
जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति अपने बच्चे को स्कूल छोड़कर लौट रहा था। इसी दौरान अंबेडकर चौक के पास एक युवक उसका मोबाइल छीनकर भाग गया। पीड़ित ने तुरंत शोर मचाया और आसपास के लोगों से मदद मांगी। इसके बाद उसने बाइक से आरोपी का पीछा किया, लेकिन भागते समय आरोपी ने उसे धक्का दे दिया।
इसी दौरान पास में कूड़ा उठाने वाले एक व्यक्ति ने हिम्मत दिखाते हुए स्नैचर को पकड़ लिया। लोगों ने आरोपी से छीना गया मोबाइल बरामद कर लिया। घटना के बाद मौके पर भारी हंगामा हो गया और लोगों में काफी रोष देखने को मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह युवक अक्सर गलियों में घूमता रहता है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। एएसआई कुलविंदर सिंह से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने लोगों को थाने आने के लिए कहा, जिस पर लोग भड़क गए और वहीं पर पुलिस से बहस करने लगे।
इस दौरान इलाके के प्रधान अमरजीत सिंह ने कहा कि क्षेत्र में पहले भी कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं और थाना 4 में शिकायतें देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पुलिस से आरोपी को गिरफ्तार कर हवालात में बंद करने की मांग की। बाद में पुलिस ने आरोपी की बाइक जब्त कर ली और उसे हिरासत में लेने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।