ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वेयरहाउस डीएम के आत्महत्या के मामले में बयान दिया है। उन्होंने कहा कि तुरंत ही मंत्री का इस्तीफा ले लिया गया है। मैं तुरंत जो कर सकता था, वह किया। जांच की जा रही है। सूचना मिलते ही मैंने यह फैसला लिया, ताकि जांच प्रभावित न हो। किसी को जान लेने के लिए मजबूर कर दे, ऐसी किसी कोताही को बर्दाश्त नहीं करेंगे। जांच के बाद ही सारी बातों का पता चल सकेगा।
मेरे ऊपर लगे आरोप बेबुनियाद- भुल्लर
वहीं इस मामले पर लालजीत भुल्लर ने भी बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मुझ पर लगे आरोप झूठे और बेबुनियाद हैं। मैंने अपना इस्तीफा सीएम मान को भेज दिया है। इसमें इस्तीफा मंजूर करने की मांग की है। मेरी पार्टी हमेशा सच का साथ देती है। जांच किसी तरह से प्रभावित न हो, इसलिए मैंने पद छोड़ दिया है।
जानिए क्या है पूरा मामला?
अमृतसर के वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन में तैनात डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा ने कथित तौर पर जहर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सुसाइड से पहले और अपने अंतिम पलों में रंधावा ने बेहद संगीन आरोप लगाए। जिसमें उन्होंने दावा किया था कि मंत्री लालजीत भुल्लर और उनके एक सहयोगी ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की थी। रंधावा ने दम तोड़ने से पहले दिए अपने बयान में मंत्री का नाम लिया था।