अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध का आज 16वां दिन है। इसी बीच इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को लेकर सोशल मीडिया पर कई अफवाहें फैल गईं। कुछ पोस्ट में दावा किया गया कि ईरान के हमले में उनकी मौत हो गई या वे देश छोड़कर जर्मनी चले गए हैं। हालांकि प्रधानमंत्री कार्यालय ने इन सभी खबरों को पूरी तरह फर्जी बताते हुए कहा कि नेतन्याहू सुरक्षित हैं।
13 मार्च को जारी एक वीडियो संदेश में नेतन्याहू ने कहा कि इजराइल ईरान और हिजबुल्लाह के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। इस वीडियो के एक फ्रेम में उनके हाथ में छह उंगलियां दिखने का दावा भी किया गया, जिसके बाद कुछ लोगों ने इसे एआई या डीपफेक बताया।
उधर ईरान ने भी अपने नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई को लेकर फैली खबरों को खारिज किया है। ईरान का कहना है कि वे पूरी तरह स्वस्थ हैं, जबकि कुछ अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों में दावा किया गया था कि हालिया हमलों में वे घायल हो गए हैं।
इस बीच खाड़ी क्षेत्र से भारत के लिए राहत की खबर आई है। LPG लेकर आ रहे भारत के दो जहाज सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट पार कर भारत की ओर बढ़ रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक ‘शिवालिक’ और ‘नंदा देवी’ नाम के इन जहाजों में करीब 92,700 टन एलपीजी है और इनके अगले 2–3 दिनों में भारत पहुंचने की उम्मीद है।
वहीं मिडिल ईस्ट में तनाव लगातार बढ़ रहा है। इजराइल के कई शहरों में मिसाइल हमलों की चेतावनी के बाद सायरन बजाए गए और लोगों को बंकरों में शरण लेने के निर्देश दिए गए। लेबनान के दक्षिणी इलाकों में भी इजराइली हवाई हमलों की खबरें सामने आई हैं, जबकि सऊदी अरब ने अपनी राजधानी रियाद के आसपास कई ड्रोन मार गिराने का दावा किया है।