हरियाणा के पानीपत में शनिवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने एक मनी एक्सचेंज सेंटर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। यह घटना असंध रोड पर Aneja Petrol Pump के सामने स्थित दुकान के बाहर हुई। बदमाशों ने आधा दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और व्यापारियों में भारी रोष देखने को मिला।
करीब पांच बार रेकी की
जानकारी के अनुसार यह वारदात पहले से रची गई साजिश लग रही है। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने सुबह से ही दुकान के आसपास करीब पांच बार रेकी की थी और सही मौके का इंतजार कर रहे थे। दोपहर के समय जब असंध रोड पर भीड़भाड़ थी, तभी बदमाश हथियार लहराते हुए पहुंचे और दुकान के बाहर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर सीआईए यूनिट, थाना पुलिस, साइबर सेल और फॉरेंसिक टीम पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के खोल और अन्य अहम सबूत जुटाए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
इस फायरिंग से इलाके के व्यापारी दहशत में
दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से इलाके के व्यापारी दहशत में हैं। दुकानदारों का कहना है कि शहर में अपराधियों में पुलिस का खौफ कम होता जा रहा है। हालांकि इस हमले में मनी एक्सचेंज संचालक और कर्मचारी बाल-बाल बच गए, लेकिन दुकान के बाहर गोलियों के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में मामला रंगदारी या आपसी रंजिश से जुड़ा हो सकता है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। वहीं सीआईए की टीमें संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी में जुटी हुई हैं।