मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच इजराइल ने बड़ा दावा किया है। इजराइल के रक्षा मंत्री Israel Katz के मुताबिक, रात में किए गए एयरस्ट्राइक में ईरान के राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव Ali Larijani मारे गए हैं। हालांकि, इस दावे की अभी तक ईरान की तरफ से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इजराइली सेना Israel Defense Forces (IDF) ने भी कहा है कि उसने लारिजानी को निशाना बनाया था। इसके अलावा एक अलग हमले में ईरान की बसीज पैरामिलिट्री फोर्स के कमांडर Gholamreza Soleimani को भी मार गिराने का दावा किया गया है।
IDF के मुताबिक, तेहरान, शिराज और तबरीज समेत कई शहरों में एक साथ हमले किए गए, जिनमें सुरक्षा ठिकानों, मिसाइल साइट्स और ड्रोन बेस को निशाना बनाया गया।
वहीं, इस युद्ध का असर वैश्विक बाजार पर भी दिख रहा है। मिडिल ईस्ट तनाव के चलते कच्चे तेल की कीमत बढ़कर 153 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है, जिससे दुनियाभर में महंगाई बढ़ने की आशंका है।
इसी बीच भारत के लिए राहत की खबर है। Nanda Devi ship होर्मुज स्ट्रेट पार कर गुजरात के वडिनार पोर्ट पहुंच चुका है। इस जहाज में करीब 46,500 मीट्रिक टन LPG लाई गई है, जिसे शिप-टू-शिप ट्रांसफर के जरिए आगे सप्लाई किया जाएगा।
हालात की गंभीरता को देखते हुए कई देशों ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। श्रीलंका ने ईंधन बचाने के लिए सरकारी दफ्तर हफ्ते में सिर्फ 4 दिन खोलने का फैसला लिया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी असर पड़ रहा है। फिलहाल, क्षेत्र में तनाव चरम पर है और आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।