ख़बरिस्तान नेटवर्क : हिमाचल प्रदेश के ऊना में जनशताब्दी एक्सप्रैस ट्रेन पर पथराव किया गया है। यह घटना आनंदपुर साहिब से नंगल डैम रेलवे सेक्शन के बीच हुई। बताया जा रहा है कि कुछ शरारती तत्वों ने ट्रेन के कोच पर यह पत्थर फेंके हैं। जिससे ट्रेन के कोच के शीशे टूट गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई भी जख्मी नहीं हुआ।
नई दिल्ली से ऊना जा रही थी ट्रेन
जनशताब्दी एक्सप्रैस ट्रेन नई दिल्ली से ऊना की तरफ आ रही थी। इस दौरान ही कुछ शरारती तत्वों ने ट्रेन को निशाना बनाया। इस घटना के बाद ट्रेन में बैठे पैसेंजर्स में दहशत का माहौल बन गया। इससे पहले भी इसी रूट पर इसी रूट पर आनंदपुर साहिब से अंब-अंदौरा रेलवे सेक्शन के बीच वंदे भारत ट्रेन पर तीन से चार बार पथराव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
पथराव को देखते हुए बढ़ाई गश्त
लगातार हो रही पथराव की घटनाओं को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने पहले ही इस रेलवे सेक्शन में गश्त बढ़ा दी थी। इसके साथ ही रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले प्रवासी परिवारों और उनके बच्चों को जागरूक किया गया था। आरपीएफ की ओर से पत्थरबाजी में शामिल पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी।