चंडीगढ़ के सेक्टर 22 स्थित मोबाइल मार्केट में आज अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह मार्केट मोबाइल शोरूम और इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों के लिए जानी जाती है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने के लिए कुल 33 दमकल गाड़ियां लगातार प्रयास कर रही हैं। वहीं नगर निगम की ओर से पानी के टैंकर भी मौके पर भेजे गए हैं।
आग लगने के समय मार्केट में भारी भीड़ मौजूद थी, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को खाली करा लिया गया है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है। घटनास्थल पर अधिकारी मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, जांच जारी है।