चंडीगढ़ से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां सेक्टर-23 में मंत्री के ड्राइवर की लाइसेंसी पिस्टल से गोली चलने के कारण मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार रात का बताया जा रहा है। मृतक की पहचान 43 साल के तारा चंद के रूप में हुई है, जो सेक्टर-23 का निवासी था और मूल रूप से हरियाणा के रोहतक का रहने वाला था। वह हरियाणा में मंत्री की कार सेक्शन में ड्राइवर के पद पर कार्यरत था।
पिस्टल साफ करते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, तारा चंद अपने घर पर पिस्टल की सफाई कर रहा था, तभी अचानक गोली चल गई जो उसकी कनपटी में जा लगी। गोली की आवाज सुनकर उसकी पत्नी और बेटे ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत जीएमएसएच-16 अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही सेक्टर-17 थाना प्रभारी रोहित कुमार अपनी टीम और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे आकस्मिक घटना (एक्सीडेंटल फायर) बताया है और किसी साजिश से इनकार किया है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जीएमएसएच-16 की मोर्चरी में रखवाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।