जालंधर की जिला बार एसोसिएशन ने बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा के आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए आज और 18 मार्च को कचहरी परिसर में ‘नो वर्क डे’ घोषित किया है। यह निर्णय एसोसिएशन की एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक में लिया गया।
एसोसिएशन के सचिव एडवोकेट रोहित गंभीर ने बताया कि यह हड़ताल किसी विरोध के लिए नहीं, बल्कि चुनाव प्रक्रिया में वकीलों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए है। उन्होंने कहा कि इस दौरान अधिवक्ता चुनाव प्रचार कर सकेंगे, साथियों से संपर्क बना सकेंगे और अधिक से अधिक मतदान के लिए अपील कर सकेंगे।
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान राम शारदा ने बताया कि बार काउंसिल की 25 सदस्यीय कमेटी के चुनाव होने हैं। उन्होंने सभी वकीलों से चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि जालंधर से इस बार 4 उम्मीदवार मैदान में हैं और लंबे समय बाद प्रतिनिधित्व मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कचहरी परिसर में सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया। उनके अनुसार, पिछले वर्षों में वकीलों की संख्या तेजी से बढ़ी है, लेकिन कोर्ट रूम और कमरों की कमी के कारण रिकॉर्ड रखने और कामकाज में दिक्कत आ रही है। साथ ही पार्किंग समस्या भी गंभीर होती जा रही है, जिसके चलते बड़े कॉम्प्लेक्स की जरूरत जताई गई है।
7 साल बाद कराए जा रहे चुनाव
पूर्व प्रधान आरके भल्ला ने बताया कि बार काउंसिल के चुनाव सामान्यत हर 5 साल में होते हैं, लेकिन इस बार 7 साल बाद कराए जा रहे हैं। चुनाव पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में आयोजित किए जा रहे हैं। जालंधर से करीब 3500 वकील मतदाता सूची में शामिल हैं।
एसोसिएशन ने सभी अधिवक्ताओं से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील करते हुए उम्मीद जताई है कि इस बार जालंधर को बार काउंसिल में मजबूत प्रतिनिधित्व मिलेगा।