गणतंत्र दिवस पर इस बार पंजाब के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। केंद्र सरकार की समिति ने पंजाब की झांकी को कर्तव्य पथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड के लिए चयनित कर लिया है। इसके साथ ही पंजाब पुलिस के 18 अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। इनमें तीन अधिकारियों को विशिष्ट सेवा के लिए और 15 को सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक दिया जाएगा। इस संबंध में केंद्र सरकार की ओर से आधिकारिक सूची जारी कर दी गई है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष ‘हिंद दी चादर’ साहिब श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत शताब्दी राज्य भर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जा रही है। इसी क्रम में गुरु तेग बहादुर साहिब जी के जीवन, बलिदान और उनके महान विचारों को दर्शाती झांकी को गणतंत्र दिवस परेड के लिए भेजा गया है, जो 26 जनवरी को कर्तव्य पथ की शोभा बढ़ाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु तेग बहादुर साहिब जी की शिक्षाएं मानवाधिकारों, समानता, धार्मिक स्वतंत्रता और सामाजिक आजादी का संदेश देती हैं। इन मूल्यों से समाज के हर वर्ग, विशेषकर युवाओं को अवगत कराना समय की जरूरत है और राज्य सरकार इसी दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में पंजाब की झांकी को लेकर विवाद हुआ था, जब इसे परेड में शामिल नहीं किया गया था।
वहीं, पंजाब सरकार ने गणतंत्र दिवस पर तिरंगा फहराने का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। इस बार मुख्यमंत्री भगवंत मान होशियारपुर में और राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया फाजिल्का में ध्वज फहराएंगे। पहले राज्यपाल का कार्यक्रम पटियाला में प्रस्तावित था, जिसे बदल दिया गया है। इसके अलावा, राज्य के सभी मंत्रियों की ड्यूटियां विभिन्न जिलों में लगाई गई हैं ताकि समारोह शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।