पंजाब और चंडीगढ़ में बीती रात हुई भारी बारिश के कारण मौसम बदल गया है। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बिल्कुल बदल गया है। कई इलाकों में रात के समय हल्की बारिश दर्ज की गई। वही आज भी मौसम विभाग ने राज्य के नौ जिलों पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, रूपनगर और एसएएस नगर में हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं, कई इलाकों में कोहरा छाने की भी संभावना बनी हुई है।
तापमान में हल्की गिरावट
पिछले 24 घंटों में राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री की कमी आई है, जिससे तापमान अब सामान्य के करीब पहुंच गया है। सबसे अधिक तापमान 37 डिग्री सेल्सियस चंडीगढ़ में दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले तीन दिनों में रात के तापमान में 2 से 4°C तक गिरावट हो सकती है।
पराली जलने के 321 नए केस
इस बीच, पराली जलाने की घटनाएं थम नहीं रही हैं। पिछले 24 घंटों में 321 नए केस दर्ज किए गए। पराली के धुएं का असर वायु गुणवत्ता पर साफ दिख रहा है। खन्ना की हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित रही, जहां AQI 223 दर्ज किया गया।
एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) स्थिति
अमृतसर: 137
बठिंडा: 106
जालंधर: 133
खन्ना: 223 (सबसे प्रदूषित)
लुधियाना: 167
मंडी गोबिंदगढ़: 130
पटियाला: 134
रूपनगर: 74 (सबसे साफ हवा)