ख़बरिस्तान नेटवर्क : भारत में पिछले एक साल में आतंकी घटनाओं में 43 फीसदी की कमी देखी गई है। ग्लोबल टेरिरज्म इंडेक्स 2026 की लिस्ट के मुताबिक भारत 13वें स्थान पर आ गया है। पिछले साल भारत इस लिस्ट में 11वें स्थान पर था। वहीं पाकिस्तान इस लिस्ट में पहले स्थान पर आ गया है।
आतंकवाद प्रभावित देशों में पाकिस्तान टॉप पर
रिपोर्ट के मुताबिक अफगानिस्तान में हालात में सुधार है और यह अब टॉप 10 देशों की लिस्ट से बाहर आ गया है। जबकि पाकिस्तान में हालात खराब हुए हैं और वह इस लिस्ट में पहले स्थान पर आ गया है। हालांकि दक्षिण एशिया लगातार 10वें साल आतंकवाद से प्रभावित क्षेत्रों में सबसे ऊपर बना हुआ है। कुल मिलाकर इस साल 81 देशों में स्थिति सुधरी है, जबकि 19 देशों में स्थिति खराब हुई है।
पश्चिम देशों में मौतें में 280% की बढ़ोतरी
पश्चिमी देशों में आतंकवाद से होने वाली मौतों में लगभग 280% तक बढ़ोतरी दर्ज की गई। साथ ही यूरोपियन यूनियन की रिपोर्ट के मुताबिक 2024 में 14 यूरोपीय यूनियन (ईयू) देशों में कुल 58 आतंकी हमले दर्ज हुए। इनमें फ्रांस (14 हमले) और जर्मनी (6 हमले) प्रमुख रहे। इसके अलावा 20 ईयू देशों में आतंकवाद से जुड़े मामलों में 449 लोगों की गिरफ्तारी हुई। ब्रिटेन में 3000 से ज्यादा गिरफ्तारियां हुई हैं।