मध्य पूर्व में बढ़ते युद्ध के खतरे का असर अब अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं पर भी साफ दिखाई दे रहा है। कई देशों द्वारा सुरक्षा कारणों से अपने वायु क्षेत्र बंद करने या पाबंदियां लगाने के चलते दुनिया भर की उड़ानों का शेड्यूल बुरी तरह प्रभावित हो गया है।
एयर इंडिया ने दुबई-अबू धाबी की कई उड़ानें रद्द कीं
इसी के चलते 15 मार्च 2026 को संयुक्त अरब अमीरात एयरपोर्ट अथॉरिटी के नए निर्देशों के बाद एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने दुबई और अबू धाबी जाने वाली अपनी अधिकांश उड़ानों को रद्द कर दिया। इस अचानक फैसले के कारण देश के अलग-अलग हवाई अड्डों पर सैकड़ों यात्री फंस गए हैं और उन्हें अपनी यात्रा को लेकर अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक अबू धाबी के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की सभी पांच उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जबकि दुबई के लिए निर्धारित छह में से पांच फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गईं। फिलहाल दिल्ली-दुबई रूट पर केवल एक रिटर्न फ्लाइट ही संचालित की जा रही है। एयरलाइन ने शारजाह और रास अल खैमाह के लिए कोच्चि, कन्नूर और मुंबई से उड़ानें चलाने की योजना बनाई है, लेकिन यह भी स्लॉट और सुरक्षा स्थिति पर निर्भर करेगा।
180 फ्लाइट्स प्रभावित
इस संकट का असर यात्रियों की जेब पर भी पड़ सकता है। बढ़ती ईंधन कीमतों और सुरक्षा जोखिमों के कारण एयरलाइंस कंपनियां फ्यूल सरचार्ज लगाने और किराए में बढ़ोतरी करने पर विचार कर रही हैं। देशभर में करीब 180 उड़ानें इस स्थिति से प्रभावित हुई हैं। एयरलाइंस ने यात्रियों को सलाह दी है कि एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस ऑनलाइन या हेल्पलाइन के जरिए जरूर जांच लें।