मोहाली में आज (शनिवार) पंजाबी सिंगर Karan Aujla का बड़ा कंसर्ट आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम Punjab Cricket Association Stadium के पुराने स्टेडियम में शाम को शुरू होगा। कंसर्ट को देखते हुए प्रशासन ने शहर में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
एडवाइजरी के अनुसार कार्यक्रम के दौरान फेज-10, सेक्टर-65 और मोहाली रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली सड़कें बंद रहेंगी। इन रास्तों पर केवल इमरजेंसी और अधिकृत वाहनों को ही आने-जाने की अनुमति होगी। प्रशासन ने आम लोगों को इन रास्तों से बचने की सलाह दी है।
32 जगह पुलिस नाके
भीड़ और ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की ओर से शहर में 32 जगहों पर नाके लगाए जाएंगे। पहला पुलिस नाका स्टेडियम के मुख्य गेट के सामने होगा, जबकि बाकी नाके स्टेडियम की ओर आने-जाने वाले प्रमुख रास्तों पर तैनात किए जाएंगे। यहां पुलिसकर्मी स्थानीय निवासियों और कंसर्ट में आने वाले लोगों को ट्रैफिक में मदद करेंगे।
प्रशासन ने वीआईपी मेहमानों के लिए अलग रूट भी तय किया है। कंसर्ट में कई राजनीतिक और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हो सकते हैं। इसलिए CP‑67 Mall से स्टेडियम तक जाने वाली सड़क को वीआईपी रूट बनाया गया है, जहां आम लोगों की एंट्री नहीं होगी।
इसके अलावा कंसर्ट में आने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने 10 अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है। यदि कोई व्यक्ति निर्धारित जगहों के अलावा कहीं और वाहन पार्क करता है, तो पुलिस उसे उठा सकती है।