जालंधर में बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने का एक और मामला सामने आया है। सोडा रोड इलाके का एक युवक बिना नंबर प्लेट की बाइक चलाते हुए देखा गया। एक सोशल वर्कर ने उसे रास्ते में रोकने की कोशिश की, लेकिन युवक बाइक तेज रफ्तार से लेकर वहां से निकल गया।
सोशल वर्कर ने उसका पीछा कर आखिरकार उसे रोक लिया। इस दौरान युवक ने खुद को एक पुलिस अधिकारी का रिश्तेदार बताते हुए बात करने की कोशिश की। सोशल वर्कर ने पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कर ली और युवक से संबंधित पुलिस अधिकारी से बात करवाने को कहा।
फोन पर बात होने पर सामने वाले अधिकारी ने खुद को लुधियाना से गुरप्रीत सिंह डीएसपी बताया। सोशल वर्कर ने डीएसपी को बताया कि युवक बिना नंबर प्लेट की बाइक चला रहा था और रुकने का इशारा करने के बावजूद बाइक भगाकर निकल गया।
इस पर डीएसपी ने कहा कि युवक को पुलिस के हवाले कर उसका चालान किया जाना चाहिए। वहीं जब सोशल वर्कर ने युवक से बाइक भगाने के बारे में पूछा तो वह बार-बार वीडियो बंद करने की मांग करता रहा। सोशल वर्कर ने कहा कि वह यह वीडियो पुलिस कमिश्नर को भी भेजेगा।