पंजाब के अमृतसर में सीमावर्ती इलाके से सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने जाली भारतीय मुद्रा की एक बड़ी खेप बरामद की है। गश्त के दौरान बीएसएफ जवानों को सीमा के पास एक संदिग्ध पीला पैकेट मिला, जिसकी तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में नकली नोट पाए गए।
बीएसएफ अधिकारियों के मुताबिक, पैकेट में 500 रुपये के कुल 445 जाली नोट बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत 2,22,500 रुपये आंकी गई है। इस बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है।
इस मामले में थाना रामदास में मुख्य दफा नंबर 96, दिनांक 27 मार्च के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 178, 179, 180 और 61(2) BNS के अंतर्गत केस दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह जाली मुद्रा पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के नेटवर्क के जरिए भारतीय सीमा में भेजी गई हो सकती है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, इस तरह की गतिविधियों का मकसद देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाना है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी सीमावर्ती इलाकों से ड्रग्स, हथियार और विस्फोटक सामग्री की कई खेप पकड़ी जा चुकी हैं। फिलहाल एजेंसियां इस नेटवर्क की तह तक जाने में जुटी हैं और सीमा क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।