जालंधर के दूरदर्शन एन्क्लेव से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नशेड़ी पिता ने अपनी ही 5 साल की बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और कोर्ट ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।आरोपी की पहचान अरविंदर सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से छत्तीसगढ़ का निवासी है और जालंधर में दिहाड़ी मजदूरी करता था। पुलिस के अनुसार अरविंदर नशे का आदी था और आए दिन घर में झगड़ा करता रहता था।
चुप कराने के लिए शराब पिलाने की कोशिश की
घटना 3 फरवरी की है। उस दिन बच्ची की मां काम पर गई हुई थी, जबकि अरविंदर घर पर शराब पी रहा था। दोपहर करीब 2:30 बजे उसकी बेटी निहारिका भूख लगने के कारण रोने लगी। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पहले बच्ची को चुप कराने के लिए उसे शराब पिलाने की कोशिश की। जब वह और जोर से रोने लगी, तो आरोपी ने गुस्से में आकर उसे जमीन पर पटक दिया। इसके बाद भी जब बच्ची की हालत गंभीर बनी रही, तो आरोपी ने उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जांच में जुटी पुलिस
शाम को जब मां काम से घर लौटी, तो बच्ची को मृत देखकर वह बेसुध हो गई। बच्ची के चाचा हिम्मत कुमार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि परिवार की आर्थिक हालत खराब थी और आरोपी की नशे की लत इस घटना की बड़ी वजह बनी। मामले की गहन जांच के लिए आरोपी को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।