कनाडा में पंजाब के एक युवक की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सुखजिंदर सिंह (26) के रूप में हुई है, जो मोगा जिले के गांव तखानवद का रहने वाला था और वर्तमान में कनाडा के ब्रैम्पटन में रह रहा था। सुखजिंदर 5 फरवरी को भारत लौटने वाला था, लेकिन इसी बीच उसका वर्कपरमिट लग गया, जिसके चलते उसने अपनी टिकट रद्द कर दी।
परिजनों के अनुसार, वर्कपरमिट मिलने की खुशी में सुखजिंदर ने दोस्तों के साथ पार्टी की। पार्टी के बाद जब वह अपने कमरे में गया तो अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद वह खुद ही अस्पताल पहुंचा और इमरजेंसी से दोस्तों को फोन कर बुलाया। अस्पताल में उसने अपने दोस्त से सिर्फ पानी पीने के लिए मांगा और कुछ ही पलों में उसकी मौत हो गई।
ढाई साल पहले पढ़ाई के लिए कनाडा गया था
सुखजिंदर के पिता कैप्टन रेशम सिंह पूर्व फौजी हैं। उन्होंने बताया कि नौकरी न मिलने के बाद सुखजिंदर और उसके बड़े भाई ने डेयरी फार्म का काम शुरू किया था। बेहतर भविष्य की तलाश में सुखजिंदर करीब ढाई साल पहले पढ़ाई के लिए कनाडा गया था।
बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
पिता ने बताया कि बेटे से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी, जिसमें उसने अपनी मां से कहा था कि उसे वर्कपरमिट मिल गया है और वह जल्द ही घर आएगा। बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सुखजिंदर की मौत की खबर मिलते ही गांव और रिश्तेदारों में शोक की लहर दौड़ गई।
परिवार ने सरकार से मांग की है कि सुखजिंदर सिंह का शव जल्द से जल्द भारत लाने के लिए जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करवाई जाए, ताकि अंतिम संस्कार स्वदेश में किया जा सके।