प्रयागराज के फाफामऊ इलाके में सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक कोल्ड स्टोरेज की इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय अंदर काम कर रहे करीब 20 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
बचाव कार्य के लिए कई जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं और तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। साथ ही National Disaster Response Force और State Disaster Response Force की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया है।हादसे के बाद करीब 1 किलोमीटर तक अमोनिया गैस का रिसाव हुआ, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। लोग गैस की बदबू से बचने के लिए मुंह पर कपड़ा बांधकर घूमते नजर आए।
9 घायलों को अस्पताल भेजा गया
अब तक मिली जानकारी के अनुसार, 9 घायलों को अस्पताल भेजा गया है, जिनमें से 4 की मौत हो गई है। मजदूरों का दावा है कि मलबे से कई लोगों को निकाला गया है, जिनमें कुछ की मौत भी हो चुकी है।
100 से ज्यादा लोग काम करते
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के वक्त लंच ब्रेक था और ज्यादातर मजदूर आराम कर रहे थे, तभी अचानक बिल्डिंग ढह गई, जिससे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।पुलिस ने कोल्ड स्टोरेज के मैनेजर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। यह कोल्ड स्टोरेज सपा के पूर्व विधायक अंसार अहमद से जुड़ा बताया जा रहा है और करीब 60 एकड़ में फैला हुआ है, जहां 100 से ज्यादा लोग काम करते हैं।