Colombia में सोमवार को एयरफोर्स का Lockheed C-130 Hercules विमान टेक-ऑफ के दौरान क्रैश हो गया। इस भीषण दुर्घटना में अब तक 66 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में 58 सैनिक, 6 वायुसेना कर्मी और 2 पुलिस अधिकारी शामिल हैं। वहीं विमान में कुल 114 सैनिक और 11 क्रू मेंबर सवार थे।
हादसे के बाद कई किलोमीटर दूर धुएं का गुबार देखा गया
यह हादसा पेरू सीमा के पास दक्षिणी अमेजन क्षेत्र के Puerto Leguízamo में हुआ। रक्षा मंत्री Pedro Sánchez के मुताबिक, विमान रनवे से करीब 1.5 किलोमीटर दूर जाकर गिरा और क्रैश के बाद उसमें आग लग गई, जिससे वह पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हादसा इतना भयानक था कि कई किलोमीटर दूर से धुएं का गुबार देखा जा सकता था। स्थानीय लोग और राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और घायलों को बाहर निकालने का काम शुरू किया।
हादसे पर राष्ट्रपति Gustavo Petro ने गहरा दुख जताया
इस दुर्घटना पर राष्ट्रपति Gustavo Petro ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने इसे गंभीर हादसा बताते हुए कहा कि जवानों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए सेना को आधुनिक उपकरण और संसाधन दिए जाएंगे।
राष्ट्रपति ने संकेत दिया कि सेना के आधुनिकीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी, जिसमें नए हेलीकॉप्टर, ट्रांसपोर्ट विमान और एंटी-ड्रोन सिस्टम की खरीद शामिल है।
गौरतलब है कि Lockheed C-130 Hercules दुनिया के सबसे भरोसेमंद सैन्य परिवहन विमानों में से एक माना जाता है, जिसका उपयोग सैनिकों, हथियारों और राहत सामग्री को पहुंचाने के लिए किया जाता है। यह कठिन और कच्चे रनवे पर भी उतरने में सक्षम है और एक बार में करीब 19,000 किलोग्राम तक वजन एयरड्रॉप कर सकता है।