आंध्र प्रदेश के मरकापुरम जिले में रायवरम के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक प्राइवेट ट्रैवल बस और डंपर की जोरदार टक्कर के बाद बस में भीषण आग लग गई, जिसमें 14 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हो गए।
हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ
अधिकारियों के मुताबिक, हरिकृष्णा ट्रैवल्स की बस तेलंगाना के निर्मल से नेल्लोर जा रही थी। यह हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग भड़क उठी, जिसे बुझाने में दमकल टीम को करीब तीन घंटे का समय लगा।
मरकापुरम के एसपी वी. हर्षवर्धन राजू ने बताया कि डंपर चालक समेत सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।