ख़बरिस्तान नेटवर्क : मोहाली के खरड़ में बॉयफ्रेंड के घर मे युवती की लाश फांसी के फंदे पर पंखे से लटकी मिली। मृतका की पहचान अनामिका के नाम से हुई, जो जालंधर के हरदयाल नगर की रहने वाली थी। इसे लेकर पीड़ित परिवार ने युवक युवराज के ऊपर कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि उसने ही आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया।
डेढ़ साल से रिलेशनशिप में थे
मृतक लड़की के भाई ने बताया कि उसकी बहन जालंधर से युवराज के पास गई हुई थी। वह रात करीब 11:30 बजे खरड़ स्थित युवराज के आवास पर पहुंची थी, लेकिन अगले ही दिन यानी 20 मार्च को घर के अंदर पंखे से लटकता हुआ उसका शव बरामद हुआ। दोनों के बीच संबंधों में कुछ अनबन हुई, जिससे आरोपी ने उसे इस कदर मजबूर किया कि उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
युवक के परिवार ने आरोपों को नकारा
वहीं इस मामले में आरोपी के परिवार ने आरोपों को निराधार बताया है। परिवार ने कहा कि युवराज पूरी तरह से निर्दोष है और उस पर लगाए जा रहे आरोप झूठे और मनगढ़ंत हैं पुलिस ने धारा-174 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल अभी इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।