पंजाब के फिरोजपुर जिले के गांव हजारा सिंह वाला में पीलिया (जॉन्डिस) की बीमारी तेजी से फैलती जा रही है और अब यह महामारी का रूप लेती दिख रही है। मिली जानकारी के अनुसार, गांव में एक के बाद एक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
मरीजों की संख्या लगातार बढ़ी
बताया जा रहा है कि एक ही दिन में 6 से 7 नए मरीज सामने आए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में पहले से ही करीब 15 मरीज पीलिया और बुखार समेत अन्य बीमारियों से पीड़ित हैं।गांव की कुल आबादी करीब 4000 है, लेकिन अब तक स्वास्थ्य विभाग केवल लगभग 2000 लोगों की ही जांच कर पाया है। हालांकि गांव में जांच कैंप लगाए जा रहे हैं, लेकिन विभाग की धीमी कार्यप्रणाली के कारण समय पर पूरी जांच नहीं हो पाई।
ग्रामीणों का आरोप है कि गंदे पानी के कारण लोग बीमार हो रहे हैं और समय पर इलाज व जांच न मिलने से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। उनका कहना है कि नेता और अधिकारी सिर्फ वादे करते हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
दूसरी मौत के बाद अब स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया है और मरीजों की पहचान करने का काम तेज किया गया है, लेकिन गांव में अभी भी कई लोग बीमार बताए जा रहे हैं, जिससे चिंता और बढ़ गई है।