ख़बरिस्तान नेटवर्क : कटड़ा से श्री माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रविवार को एक अहम सूचना जारी की गई। यात्रा रजिस्ट्रेशन रूम को रविवार शाम करीब 4:30 बजे ही बंद कर दिया गया, जिसके कारण बड़ी संख्या में पहुंचे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
कई श्रद्धालुओं को होना पड़ा परेशान
प्रशासन के इस अचानक फैसले के बाद उन श्रद्धालुओं को कटड़ा में ही रुकना पड़ रहा है जिन्हें अब तक अपना RFID कार्ड नहीं मिल पाया है। अब इन यात्रियों को रजिस्ट्रेशन दोबारा शुरू होने के लिए सोमवार सुबह 4 बजे तक का इंतजार करना होगा।
RFID कार्ड धारकों के लिए यात्रा जारी
हालांकि श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जिन श्रद्धालुओं ने समय रहते अपना RFID कार्ड प्राप्त कर लिया है, उनके लिए यात्रा पर कोई रोक नहीं है। वे निर्धारित मार्ग से भवन की ओर अपनी चढ़ाई जारी रख सकते हैं।
रविवार शाम 4:30 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, कुल 43,134 श्रद्धालुओं ने अपना रजिस्ट्रेशन कराकर और कार्ड लेकर माता के दरबार की ओर प्रस्थान किया। बाकी यात्रियों के लिए अब सोमवार सुबह ही नए कार्ड जारी किए जाएंगे।