ख़बरिस्तान नेटवर्क : शेयर मार्किट में शुक्रवार की सुबह कई लोगों के लिए बेहद बुरी रही। क्योंकि बाजार खुलते ही इसमें बड़ी गिरावट देखने को मिली। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन बाजार सेंसेक्स 389 अंकों की गिरावट के साथ 74,883.79 पर खुला लेकिन कुछ ही मिनटों में गिरावट तेज होकर 1000 अंकों के पार पहुंच गई।
एक ही दिन में 5 लाख करोड़ रुपए डूबे
सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 1052 अंकों की गिरावट के साथ 74,221.09 पर कारोबार कर रहा था। वहीं Nifty 50 भी दबाव में रहा। यह 133 अंक गिरकर 23,173.55 पर खुला और जल्द ही 300 अंकों से ज्यादा टूटकर 22,981.35 तक पहुंच गया। इस बड़ी गिरावट के कारण निवेशकों के 5 लाख करोड़ रुपए डूब गए। BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब 5 लाख करोड़ रुपए घटकर 426 लाख करोड़ रुपए रह गया।
इन वजह से शेयर मार्किट में हो रही है गिरावट
भारतीय रुपया पहली बार डॉलर के मुकाबले 94.15 तक गिर गया। ईरान तनाव के बाद से इसमें करीब 3.5% की गिरावट आई है।
ईरान-अमेरिका/इजरायल के बीच युद्ध की आशंका बनी हुई है। ट्रंप ने हमले को टालने की बात कही है लेकिन अनिश्चितता बरकरार है। ब्रेंट क्रूड 107 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बना हुआ है, जो भारत जैसे आयातक देश के लिए चिंता बढ़ाता है।
लगातार 19वें सत्र में विदेशी निवेशक बिकवाली कर रहे हैं, जिससे बाजार पर दबाव बढ़ा है।अमेरिका की 10 साल की ट्रेजरी यील्ड 4.42% पर पहुंच गई है, जिससे शेयर बाजार का आकर्षण घटा है।