पंजाब के जालंधर में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबरॉय की हत्या के 38 घंटे बाद पुलिस को पहली बड़ी सफलता मिली है। शनिवार रात पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान हत्या में शामिल नौकर शमिंदर सिंह उर्फ शिंगरी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने गिरफ्तारी के दौरान पुलिस से रहम की गुहार लगाते हुए कहा, “एक बार बचा लो, गलती हो गई, दोबारा नहीं करूंगा।”
30 बोर की पिस्टल बरामद की
दिनभर जालंधर पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की बात कहती रही, लेकिन रात करीब 9 बजे अमृतसर पुलिस ने मुठभेड़ में आरोपी के पकड़े जाने की पुष्टि की। DIG बॉर्डर रेंज संदीप गोयल ने बताया कि आरोपी के कब्जे से 30 बोर की पिस्टल बरामद की गई है। शमिंदर सिंह जालंधर के मिठापुर का रहने वाला है और पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है।
अमृतसर रूरल के SSP सुहैल कासिम मीर के अनुसार, आरोपी मोटरसाइकिल पर जा रहा था। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर वह घबरा गया और गिर पड़ा, जिसके बाद उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जालंधर पुलिस अधिकारी हरिंदर गिल ने हत्या के 24 घंटे बाद नौकर की भूमिका स्वीकार की थी, जबकि इससे पहले मामले को केवल “मेटर ऑफ इन्क्वायरी” बताया जा रहा था। DGP गौरव यादव ने भी पहले कहा था कि पुलिस आरोपियों के काफी करीब पहुंच चुकी है, हालांकि मुख्य शूटर और एक अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस ने थाना-5 में दो आरोपियों के खिलाफ बाइनेम पर्चा दर्ज किया है।
गुरुद्वारे के बाहर गोलियां मारकर हत्या
गौरतलब है कि 6 फरवरी की सुबह करीब साढ़े 7 बजे जालंधर के मॉडल टाउन इलाके में गुरुद्वारे के बाहर लक्की ओबरॉय की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। शूटर ने उन पर पांच गोलियां चलाईं, जो सीने, पेट और गर्दन में लगीं। हत्या का कारण खालसा कॉलेज की प्रधानगी से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है।
हत्या की जिम्मेदारी गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ली थी। घटना के बाद CCTV फुटेज भी सामने आया, जिसमें शूटर को दोनों हाथों में पिस्टल लेकर फायरिंग करते देखा गया। 7 फरवरी को गमगीन माहौल में लक्की ओबरॉय का अंतिम संस्कार किया गया, जहां उनके 8 साल के बेटे ने मुखाग्नि दी। परिवार के करुण क्रंदन ने हर किसी को भावुक कर दिया। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और जांच को और तेज कर दिया गया है।