ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में सुबह-सुबह पुलिस ने फिरौती मांगने वाले बदमाशों का एनकाउंटर किया है। इस एनकाउंटर में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि दूसरे का पैर टूट गया है। आरोपियों की पहचान अंकित और हरिंदर गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस को .30 बोर का पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
नकोदर के बिजनेसमैन से मांगी थी 5 करोड़ की फिरौती
11 नवंबर को बख्शी ट्रैवल कंपनी के मालिक मनीष बख्शी उर्फ मन्नू को धमकी दी थी। फोन करने वालों ने खुद को गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग का सदस्य बताकर 5 करोड़ की फिरौती मांगी थी। फिरौती न मिलने के बाद आरोपियों ने 16-17 जनवरी की रात को मनीष बख्शी के ऑफिस के बाहर गोलियां चलाई थीं। जिनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
दोबारा वारदात को अंजाम देने के लिए घूम रहे थे
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी एक और वारदात को अंजाम देने के लिए घूम रहे हैं। गांव बीर फाटक के पास जब पुलिस ने बाइक सवार संदिग्धों को रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में अंकित के पैर में गोली लगी, जबकि भागने की कोशिश में हरिंदर गुप्ता का पैर फ्रैक्चर हो गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी फिरौती न मिलने के कारण शिकायतकर्ता पर दोबारा हमला करने आए थे। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सके।



