ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के थाना पतारा के अधीन आते इलाके में खड़ी कार को आग लगाए जाने का मामला अब तक अधर में लटका हुआ है। घटना को दो साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। अब इस मामले में पीड़ित ने पुलिस पर पैसे मांगने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
SHO पर पैसे मांगने के आरोप
पीड़ित सुखजीत सिंह ने थाना पतारा के SHO राम किशन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनसे मामले में कार्रवाई के बदले पैसों की मांग की गई। इस संबंध में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आई है, जिसमें पैसे को लेकर बातचीत सुनाई दे रही है।
रिकॉर्डिंग में पीड़ित SHO से अपने 5 हजार रुपए का जिक्र करता सुनाई देता है। वहीं कुछ अन्य पुलिस कर्मियों द्वारा भी पैसे मांगे जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि SHO ने भी उन्हें पैसे देने के लिए कहा।
2 साल पुराना है मामला
पीड़ित सुखजीत सिंह ने बताया कि 11-12 मई 2024 की रात उसकी ब्रेजा कार घर के आंगन में खड़ी थी। अचानक सायरन बजने पर जब वह बाहर आया तो कार में आग लगी हुई थी। सूचना मिलने पर थाना पतारा पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज की थी। उसका कहना है कि करीब दो साल बीत जाने के बाद भी उसे इंसाफ नहीं मिला, जिसके चलते अब उसने उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई है।
शक के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
पीड़ित ने मेजर सिंह और जगजीत सिंह पर शक जताया था, जिनसे उसकी पुरानी रंजिश थी। उसने इस संबंध में SSP हरकमलप्रीत सिंह खख से भी मुलाकात की, जिसके बाद FIR दर्ज हुई, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी या कार्रवाई नहीं हुई। न्याय की मांग करते हुए पीड़ित ने हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की है।