मोहाली के ऐतिहासिक गुरुद्वारा अंब साहिब से जुड़ा जमीन विवाद अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। पिछले कई दिनों से सुर्खियों में रहे इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुद्वारा साहिब के मैनेजर रजिंदर सिंह समेत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। यह एफआईआर मोहाली के थाना सोहाणा में दर्ज की गई है।
44 मरले जमीन से जुड़ा मामला
पुलिस के अनुसार, एफआईआर में गुरुद्वारा मैनेजर के साथ-साथ छह अन्य लोगों को नामजद किया गया है। पूरा मामला करीब 44 मरले जमीन से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। गुरुद्वारा अंब साहिब की कीमती जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
आरोप है कि इस बहुमूल्य जमीन से जुड़े मामलों में नियमों का उल्लंघन किया गया। इस संबंध में अलग-अलग पक्षों की ओर से जांच की मांग की जा रही थी, जिसके बाद पुलिस ने अब आधिकारिक तौर पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस अब नामजद आरोपियों से पूछताछ करेगी और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



