पंजाब पुलिस और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मलेरकोटला जिले से दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के पाकिस्तान से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों की पहचान अब्बू गाबा और उस्मान के रूप में हुई है। दोनों को शेरवानी कोटे गांव से गिरफ्तार किया गया, जहां वे पिछले कई वर्षों से किरायेदार के रूप में रह रहे थे।
इस मामले में अहम सुराग उस समय मिला जब “युद्ध नशियां विरुद्ध” अभियान के तहत पकड़े गए एक स्थानीय नशा तस्कर से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान जम्मू-कश्मीर में वांछित आतंकियों से मेल खाती पाई गई।
इसके बाद मलेरकोटला की CIA विंग टीम ने गांव में छापेमारी कर दोनों को हिरासत में लिया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद उन्हें आगे की जांच के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। फिलहाल इस पूरे मामले में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।