ख़बरिस्तान नेटवर्क : अमृतसर में दिनदहाड़े एक व्यक्ति की सरेआम गोलियां मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान 35 साल के सोहणा सिंह के रूप में हुई है, जो राजाताल गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि सोहणा सिंह घर से काम पर जाने के लिए निकला था। इसी दौरान उस पर हमला कर दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद मोबाइल और बाइक लेकर फरार
जानकारी के मुताबिक सोहणा सिंह घर से काम के लिए निकला था। इसी दौरान सुबह करीब 10 बजे राजाताल गांव के पास ही हमलावरों ने उसे घेर लिया। घेरने के बाद हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। जिससे सोहणा सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। मौत के बाद हमलावर उसका मोबाइल और बाइक लेकर फरार हो गए।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। हत्या किस वजह से की गई फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि वह जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लेगी।