ख़बरिस्तान नेटवर्क : गुजरात के अहमदाबाद से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक कार ने गली में खेल रही 3 साल की बच्ची पर कार चढ़ा दी। गनीमत रही कि बच्ची को कुछ हुआ नहीं और उसे चोटें ही आई हैं। बताया जा रहा है कि कार को नाबालिग चला रह था। इस घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है।
घटना की सीसीटीवी फुटेज आई सामने
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि लड़का कार को गली में मुड़ा रहा था और उसने बच्ची को देखा ही नहीं। अचानक कार सीधी बच्ची के ऊपर चढ़ गई। टक्कर लगते ही बच्ची बुरी तरह घायल हो गई और मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जैसे ही लड़के को एहसास हुआ कि कार की टक्कर किसी चीज से हो गई है। उसमें तुरंत गाड़ी रोकी और उसे देखने के लिए उतरा।
बच्ची खुद कार के नीचे से निकली
लड़का गाड़ी के पीछे आया, तभी बच्ची खुद से बाहर निकलती दिखाई दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने तुरंत बच्ची को उठा लिया और देखने लगे कि ज्यादा चोटें तो नहीं आई हैं। लड़के को पकड़कर लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि बच्ची की मां ने भी गुस्से में आकर नाबालिग लड़के को कई थप्पड़ मारे।
नाबालिग लड़के को पुलिस ने किया अरेस्ट
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने नाबालिग लड़के को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कार किसकी थी और उसे ड्राइव करने की अनुमति किसने दी थी।