ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में श्री गुरु रविदास महाराज जयंती के अवसर पर लगे मेले के समाप्त होने के बावजूद सड़क से फड़ियां नहीं हटाई गई थीं। प्रशासन की ओर से फड़ी वालों को पहले ही रास्ता खाली करने के लिए समय और चेतावनी दी जा चुकी थी। बावजूद इसके जब रास्ता खाली नहीं हुआ, तो आज नगर निगम की टीम ने ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की।
फड़ी वालों का सामान जब्त
इस दौरान श्री गुरु रविदास चौक से वडाला चौक तक फड़ी वालों का सामान जब्त किया गया। कार्रवाई के समय मौके पर भारी हंगामा देखने को मिला। नगर निगम की गाड़ी में सामान लोड किए जाने के दौरान एक महिला गाड़ी के आगे खड़ी हो गई और उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन कर्मचारियों ने उसे हटाकर सामान निगम कार्यालय ले गए।
दुकानदारों को तीन दिन पहले चेतावनी दी
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि दुकानदारों को तीन दिन पहले चेतावनी दी गई थी, लेकिन उन्होंने रास्ते से दुकानें नहीं हटाईं। वहीं फड़ी वालों का कहना है कि उन्हें सामान समेटने के लिए रविवार तक का समय दिया गया था और वे आज पैकिंग कर रहे थे, इसी दौरान उनका सामान जब्त कर लिया गया। फड़ी वालों ने आरोप लगाया कि मेले में कमाई से ज्यादा मूल्य का सामान नगर निगम अपने कब्जे में ले गई है।



