राजस्थान पुलिस ने बम ब्लास्ट की साजिश रच रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी साजिश का पर्दाफाश किया है। आरोपी की पहचान श्रीगंगानगर के चक केरा गांव निवासी आकाशदीप के रूप में हुई है, जिसे 26 मार्च की शाम उसके गांव से ही पकड़ा गया।
जांच में सामने आया है कि आकाशदीप पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी के संपर्क में था और उसके कहने पर दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के कई संवेदनशील इलाकों की रेकी कर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के जरिए भेजता था। वह इंस्टाग्राम और वॉट्सएप के माध्यम से लंबे समय से भट्टी के संपर्क में था।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने भीड़भाड़ वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां धमाके की योजना बनाई थी और इन जगहों तक पहुंचने का पूरा प्लान भी शेयर किया था। ग्रामीणों की शिकायत के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया, जहां पूछताछ में उसके आतंकी कनेक्शन का खुलासा हुआ।
आरोपी के मोबाइल फोन से कई अहम सुराग मिले हैं। उसने अलग-अलग नामों से सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर पाकिस्तान के नंबरों (+92 कोड) पर जानकारी साझा की। उसकी गैलरी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनाई गई शहजाद भट्टी के साथ तस्वीरें भी मिली हैं।
पुलिस को शक है कि इस मामले के तार 13 मार्च 2026 को अंबाला में मिले आरडीएक्स केस से जुड़े हो सकते हैं। उस मामले में पकड़े गए आरोपी भी इसी डॉन के निर्देश पर अलग-अलग राज्यों में धमाकों की योजना बना रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने आईईडी, बैटरी, टाइमर और डेटोनेटर के साथ अंबाला कैंट की ओर बढ़ने की कोशिश की थी, लेकिन पहले से अलर्ट एसटीएफ टीम ने नाका लगाकर उन्हें रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया।फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य नेटवर्क, लोकल कॉन्टैक्ट और संभावित साजिश के बाकी पहलुओं की जांच में जुटी है।