पंजाब और चंडीगढ़ में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। वही इसी बीच अब घने कोहरे का असर लगातार बना हुआ है। कोहरे की वजह से सुबह और शाम के समय ठंड में इजाफा दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने आज और कल के लिए घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 20 से 22 दिसंबर के बीच कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना भी जताई गई है।
नवांशहर सबसे ठंडा
न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राज्य में नवांशहर सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पटियाला, लुधियाना और अमृतसर में सबसे अधिक कोहरा देखने को मिला।
फ्लाइट सेवाएं प्रभावित
घने कोहरे का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। चंडीगढ़ एयरपोर्ट से आने-जाने वाली 5 फ्लाइट्स प्रभावित हुई हैं। इनमें मुंबई, दिल्ली और कोलकाता जाने वाली फ्लाइट्स के साथ-साथ बेंगलुरु और पुणे से आने वाली उड़ानें शामिल हैं। धुंध के कारण इन फ्लाइट्स के लेट होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक हवाओं की रफ्तार बढ़ने से कोहरे और प्रदूषण में कुछ हद तक कमी आई है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। अमृतसर, तरनतारन, बठिंडा, पटियाला, लुधियाना, जालंधर, मोहाली समेत कई जिलों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब और चंडीगढ़ में इसी तरह का मौसम 22 दिसंबर तक बना रह सकता है।
20 से 22 दिसंबर के बीच हल्की बारिश
राज्य में 20 से 22 दिसंबर के बीच हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 18-19 और 23-24 दिसंबर के दौरान मौसम शुष्क रहेगा। अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, इसके बाद उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।



