पंजाब के गुरदासपुर में पुलिस ने संगठित नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 11 किलोग्राम हेरोइन और 5.75 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी मोहम्मद वसीम और अमृतसर निवासी हरशदीप सिंह उर्फ हरश के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से नशीले पदार्थों के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सफेद होंडा सिटी कार और हुंडई वरना कार भी जब्त की हैं।
गुरदासपुर के एसएसपी आदित्य ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर पहली कार्रवाई में हरशदीप उर्फ हरश को गांव चिट्टी के पास से गिरफ्तार किया गया। उसकी हुंडई वरना कार की तलाशी के दौरान आठ किलोग्राम हेरोइन और 3.5 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई। आरोपी यह खेप डिलीवरी के लिए ले जा रहा था।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने दीनानगर क्षेत्र में पनियार शुगर मिल के पास नाके पर मोहम्मद वसीम को गिरफ्तार किया। उसकी होंडा सिटी कार से छह पैकेटों में पैक तीन किलोग्राम हेरोइन और 2.25 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
डीजीपी गौरव यादव के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी भारत में मौजूद अपने हैंडलरों के जरिए पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे। पुलिस नेटवर्क के आगे और पीछे के कनेक्शनों की जांच कर रही है। एसएसपी आदित्य ने बताया कि आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।