ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना के अंबेडकर नगर में पंजाबी सिंगर अमन सहोता पर तेजधार हथियारों से 4-5 हमलवारों ने हमला किया है। इस हमले में सिंगर बुरी तरह से जख्मी हो गया है, जिसे लोगों ने सिविल अस्पताल में पहुंचाया। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे चंडीगढ़ PGI अस्पताल रेफर कर दिया है।
बहुत ही बुरे तरीके से मारा, आंख तक आ गई बाहर
सिंगर का ईलाज कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि उसे बहुत ही बुरी तरह से मारा गया है। शायद उसके सिर के 2 टुकड़े हो गए हैं और आंख तक बाहर आ गई है। रिपोर्ट के बाद ही सामने आ पाएगा कि उसके शरीर पर कितनी चोटें लगी हैं। फिलहाल उसका ईलाज चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
किस कारण हमला किया वजह सामने नहीं आई
अमन सहोता दुगरी इलाके के हिम्मत नगर का रहने वाला है और अक्सर स्टेज शो में गाने गाता है। अमन के दोस्त अर्श कुमार ने बताया कि वह किसी काम से अंबेडकर नगर गया था, जहां कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले की वजह अभी तक सामने नहीं आई है। फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस को सूचना दी जा रही है और मामले की गहन जांच शुरू की जाएगी।