जालंधर के अर्बन एस्टेट फेज-2 इलाके में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां HDFC बैंक के बाहर कार सवार दंपति से बाइक सवार बदमाश लाखों की नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पीड़िता ने बताया कि उसका पति कार पार्क कर रहा था, जबकि उसके हाथ में नकदी से भरा बैग था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और नुकीली चीज से डराकर उसके हाथों से बैग छीन लिया। बैग में कुल 19.10 लाख रुपये की नकदी थी।
महिला के अनुसार, उनकी आर्टिफिशियल ज्वैलरी की दुकान है। वे दोनों सुबह विजय नगर फुटबॉल चौक स्थित बैंक से 17.10 लाख रुपये निकालकर लाए थे, जबकि 2 लाख रुपये घर से साथ लाए गए थे। यह रकम किसी को देनी थी, लेकिन बैंक के बाहर ही लुटेरों ने वारदात को अंजाम दे दिया।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे थाना नंबर 7 के एसएचओ बलविंदर सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।