ख़बरिस्तान नेटवर्क : शुक्रवार को सोने और चांदी के दामों में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। बीते 24 घंटे के भीतर चांदी की कीमत में करीब 85,000 रुपये की भारी कमी आई है, जबकि सोना भी हजारों रुपये टूट गया। यह गिरावट ऐसे समय देखने को मिली है जब एक दिन पहले ही चांदी 4.20 लाख रुपये और सोना 2 लाख रुपये के करीब पहुंच गया था।
MCX पर चांदी ऑल टाइम हाई से फिसली
दोपहर करीब 3:30 बजे MCX पर मार्च वायदा के लिए 1 किलो चांदी की कीमत करीब 65,000 रुपये गिरकर 3,35,001 रुपये पर आ गई। इससे पहले गुरुवार शाम को चांदी 4,20,048 रुपये के स्तर पर पहुंच गई थी, जो इसका ऑल टाइम हाई था। इस तरह महज 24 घंटे में चांदी के भाव में लगभग 85,000 रुपये की बड़ी गिरावट दर्ज की गई।
सोने की कीमत में भी जबरदस्त टूट
चांदी के साथ-साथ सोने के दाम में भी तेज गिरावट देखने को मिली। सोना गुरुवार, 29 जनवरी को अपने रिकॉर्ड स्तर 1,93,096 रुपये पर पहुंच गया था। हालांकि शुक्रवार को इसमें भारी गिरावट आई और भाव टूटकर 1,67,406 रुपये पर आ गया। इस हिसाब से 24 घंटे के भीतर सोने की कीमत में करीब 25,500 रुपये की गिरावट दर्ज की गई।
निवेशकों में बढ़ी चिंता
सोने और चांदी के दामों में आई इस अचानक गिरावट से निवेशकों में चिंता का माहौल है। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, रिकॉर्ड स्तर के बाद मुनाफावसूली और वैश्विक संकेतों के कारण कीमती धातुओं पर दबाव देखने को मिल रहा है।