हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा थाना क्षेत्र के गांव मुंडोगढ़ी में जमीन विवाद को लेकर हुई फायरिंग में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
मृतक की पहचान 70 साल के हाजी वाजिद के रूप में हुई है। वहीं, हमले में साबिर नाम का व्यक्ति घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फायरिंग की वजह जमीन को लेकर चल रहा विवाद है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।