ख़बरिस्तान नेटवर्क : टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सबसे बड़े मैच को लेकर अहम अपडेट सामने आई है। पाकिस्तान सरकार ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि उनकी टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच खेलेगी। सोमवार रात पाकिस्तान के एक्स पर इस फैसले की घोषणा की गई।
मैच बायकॉट करने के बाद लिया यू-टर्न
बता दें कि बांग्लादेश को टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर किए जाने के विरोध में पाकिस्तान ने 1 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच का बायकॉट करने का ऐलान किया था। हालांकि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल और बांग्लादेश व श्रीलंका के अनुरोध के बाद पाकिस्तान सरकार ने अपने कदम पीछे खींच लिए हैं।
श्रीलंका और बांग्लादेश के हस्तक्षेप ने बदली बाजी
पाकिस्तान सरकार मुतािक श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने खुद प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को फोन कर मैच खेलने की अपील की थी। श्रीलंकाई राष्ट्रपति ने याद दिलाया कि कैसे आतंकवाद के दौर में पाकिस्तान ने उनके क्रिकेट का साथ दिया था। इसके साथ ही बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने भी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से इस हाई-वोल्टेज मुकाबले को न छोड़ने की सिफारिश की थी।
मोहसिन नकवी और ICC की बैठकों का नतीजा
PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने इस पूरे विवाद को सुलझाने के लिए ICC और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के प्रतिनिधियों के साथ कई दौर की बैठकें की थीं। इन बैठकों की विस्तृत जानकारी प्रधानमंत्री शरीफ को दी गई, जिसके बाद यूएई और श्रीलंका जैसे सहयोगी देशों के समर्थन को देखते हुए खेलने का अंतिम फैसला लिया गया।
15 फरवरी को श्रीलंका में होगा महासंग्राम
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि श्रीलंका मुश्किल समय में हमेशा पाकिस्तान के साथ खड़ा रहा है, इसलिए उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए यह फैसला लिया गया है। अब तय शेड्यूल के मुताबिक 15 फरवरी 2026 को ICC मेंस टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत होगी।