जेद्दा से भारत के कोझिकोड जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान ने गुरुवार को कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में सुरक्षित लैंडिंग की। विमान में कुल 160 यात्री सवार थे। अधिकारियों के अनुसार, यह आपात लैंडिंग लैंडिंग गियर से जुड़ी तकनीकी खराबी और टायर फेल होने के कारण करानी पड़ी।
कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (सीआईएएल) ने बताया कि जेद्दा से कोझिकोड आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX 398 में दाहिने मुख्य लैंडिंग गियर और टायर में तकनीकी समस्या सामने आई थी। इसके बाद विमान को कोझिकोड के बजाय कोच्चि की ओर मोड़ दिया गया, जहां सुबह 9 बजकर 7 मिनट पर पूर्ण आपात स्थिति में सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
विमान की लैंडिंग से पहले सभी आपात सेवाओं को अलर्ट कर दिया गया था। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री या चालक दल के सदस्य को कोई चोट नहीं आई। लैंडिंग के बाद किए गए निरीक्षण में पुष्टि हुई कि विमान के दाहिनी ओर के दोनों टायर फट चुके थे।
यात्रियों ने राहत की सांस ली
बयान में यह भी कहा गया कि आवश्यक जांच और सुरक्षा प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद रनवे को साफ कर दोबारा परिचालन के लिए खोल दिया गया। सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।



