पंजाब और चंडीगढ़ में आज (31 जनवरी) से लेकर मंगलवार तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, हालांकि फिलहाल किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
कई जिलों में धुंध का असर
आज पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, कई जिलों में सुबह के समय धुंध का असर देखा गया। दिन के अधिकतम तापमान में करीब 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान बठिंडा में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पहाड़ी इलाकों तक पहुंचा
चंडीगढ़ मौसम विभाग के मुताबिक, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पहाड़ी इलाकों तक पहुंच चुका है। इसके साथ ही पाकिस्तान के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने लगा है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाओं के कारण पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में बारिश की स्थिति बन रही है।
2 फरवरी तक बारिश के आसार
पंजाब के अमृतसर, गुरदासपुर, फिरोजपुर, तरनतारन और फाजिल्का में बारिश की संभावना कम है। जबकि होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, शहीद भगत सिंह नगर, रूपनगर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, संगरूर, पटियाला, मानसा और बठिंडा में 31 जनवरी की रात से 2 फरवरी तक बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि 1 फरवरी को राज्य के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 31 जनवरी और 2 फरवरी को भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। अगले 24 घंटों तक रात के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, इसके बाद न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।