बांग्लादेश में एक बड़ा हादसा हो गया, जब यात्रियों से भरी एक बस गहरी नदी में जा गिरी। इस हादसे में अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई यात्री अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
जानकारी के मुताबिक, बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें कई बच्चे भी शामिल थे। सभी लोग ईद की छुट्टियां मनाकर ढाका लौट रहे थे। हादसा शाम करीब 5:15 बजे दक्षिण-पश्चिमी राजबारी के दौलाडिया टर्मिनल पर हुआ।
6 घंटे के बाद बस निकाली गई
बताया जा रहा है कि बस फेरी (नाव) पर चढ़ने की कोशिश कर रही थी, तभी एक छोटी नाव से टकरा गई। टक्कर के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पद्मा नदी में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी।रेस्क्यू टीमों ने खराब मौसम के बीच कड़ी मशक्कत के बाद करीब 6 घंटे में क्रेन की मदद से बस को नदी से बाहर निकाला। सेना, पुलिस, फायर ब्रिगेड और तटरक्षक बल की टीमें मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
मृतकों के शव नदी से निकाले जा रहे
अधिकारियों के अनुसार, लापता लोगों की तलाश जारी है और मृतकों के शव नदी से निकाले जा रहे हैं। बस में सवार कई लोग एक ही परिवार के थे। कुछ लोग बाहर खड़े होने की वजह से बच गए, जबकि उनके परिजन बस के अंदर फंसे रह गए।