ख़बरिस्तान नेटवर्क : केंद्र सरकार के आदेश के बाद अब सभी सरकारी प्रोग्राम और स्कूलों में राष्ट्रगान (जन गण मन) से पहले राष्ट्रगीत गाया जाएगा। सरकार ने यह कदम ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे होने की खुशी में उठाया है। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के सम्मान और इसे गाने को लेकर नई गाइडलाइंस जारी की गई हैं।
नए नियमों के मुताबिक, जब भी ‘वंदे मातरम’ गाया जाएगा, तो वहां मौजूद हर व्यक्ति को ‘अटेंशन’ में खड़ा होना होगा। गृह मंत्रालय ने साफ किया है कि अगर किसी इवेंट में राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत दोनों शामिल हैं, तो उसे प्रायोरिटी देते हुए पहले राष्ट्रगीत गाया जाएगा।
होम मिनिस्ट्री की तरफ से 28 जनवरी को जारी ऑर्डर के मुताबिक, अब सभी सरकारी प्रोग्राम और स्कूलों में नेशनल एंथम (जन गण मन) से पहले राष्ट्रीय गीत गाया जाएगा। अभी तक राष्ट्रीय गीत के सिर्फ पहले दो पैराग्राफ ही गाए जाते थे, लेकिन नई गाइडलाइंस के तहत अब सभी 6 पैराग्राफ गाए जाएंगे।
इसका कुल ड्यूरेशन 3 मिनट 10 सेकंड तय किया गया है। अब स्कूलों में दिन की पढ़ाई और असेंबली इसी राष्ट्रीय गीत से शुरू होगी। हालांकि, सिनेमा हॉल को नए नियमों से दूर रखा गया है। यानी, सिनेमा हॉल में फिल्म शुरू होने से पहले ‘वंदे मातरम’ बजाना और खड़ा होना ज़रूरी नहीं होगा।