पंजाब में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में राज्य के कई जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, वीरवार दोपहर तक धूप रहेगी, लेकिन शाम होते-होते मौसम बदलेगा और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आज 13 जिलों में थंडरस्टॉर्म का अलर्ट जारी किया गया है।
8 जिलों में गरज-चमक के साथ होगी बारिश
शुक्रवार को भी 8 जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना बनी हुई है, खासकर दक्षिण-पश्चिमी पंजाब में इसका ज्यादा असर देखने को मिल सकता है।
पिछले 24 घंटों में गुरदासपुर 31.5°C के साथ सबसे गर्म जिला रहा, जबकि बठिंडा 12.5°C न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा दर्ज किया गया।
शनिवार को अधिकतर इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन बादलों के कारण मौसम सुहावना बना रहेगा। कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी।
कई जिलों में बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका
वहीं, रविवार को पूरे पंजाब में तेज आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है और कई जिलों में बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका भी है।मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि तेज हवाओं और बिजली गिरने से नुकसान की संभावना बनी हुई है।