अमेरिका के ओहियो राज्य में तेज रफ्तार का खौफनाक हादसा सामने आया है, जहां पुलिस से बचने की कोशिश में एक युवक की लापरवाही ने दो जिंदगियां छीन लीं। पंजाबी मूल के 33 साल के तरसेम सिंह ने पुलिस से बचने के लिए अपनी रेंज रोवर को तेज रफ्तार में भगाया। बताया जा रहा है कि गाड़ी की स्पीड करीब 200 किमी/घंटा तक पहुंच गई थी। इसी दौरान नियंत्रण खोने पर उसकी कार सामने से आ रही जीप से जा टकराई।
हादसे में गई जान
इस हादसे में जीप में सवार 17 साल की ऐशली होम्स की मौके पर ही मौत हो गई। वह गर्भवती थी, और इस दुर्घटना में उसके अजन्मे बच्चे की भी जान चली गई।
पुलिस के अनुसार, घटना 16 फरवरी 2026 की रात करीब 8:15 बजे हुई। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया था। जांच में सामने आया कि पुलिस ने पहले उसे स्पीड लिमिट से ज्यादा रफ्तार पर चलते देखा और रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने गाड़ी रोकने के बजाय और तेज भगा दी। करीब 5 मील तक पीछा करने के बाद यह दर्दनाक हादसा हुआ।
पंजाबी मूल के युवक पर 9.4 करोड़ का जुर्माना
हादसे के बाद कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी पर 1 मिलियन डॉलर (करीब 9.4 करोड़ रुपये) का जुर्माना लगाया है। मामले की अगली सुनवाई 3 अप्रैल को तय की गई है।जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी पर गैर-इरादतन हत्या, लापरवाही से हत्या और एग्रवेटेड व्हीकुलर होमिसाइड समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
साथ ही यह भी सामने आया है कि आरोपी अमेरिका में अवैध रूप से रह रहा था, जिसके चलते इमिग्रेशन विभाग ने भी उस पर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है और लोग सड़क सुरक्षा को लेकर कड़े कानून की मांग कर रहे हैं।